मंगलवार, 19 मार्च 2013

20 मार्च विश्व गौरैया दिवस को समर्पित गीत

कहाँ गई तू गौरैया
-भूपेंद्र कुमार
1   नन्ही चिडियों की मैया
     कहाँ गई तू गौरैया
जब मैं छोटा बच्चा था
अकल का कुछ-कुछ कच्चा था
तुझे रोटी देने आता था
साथ में मैं भी खाता था
            रह गईं अब यादें भैया
            कहाँ गई------------

2.    छोटे टुकड़े चुग लाती थी
फिर नन्हों को दे आती थी
उड़ना उनको सिखलाती थी
छोड़ के घर फिर उड़ जाती थी
सब की प्यारी सोन चिरैया
कहाँ गई-----------------

3.    सुबह-सुबह चिर-चिर करती
साँझ को चीं-चीं फिर करती
चिर-पिर सुन आँखें मलते
चीं-चीं सुन पूजा करते
तेरी चिर-पिर ज्यों पुरवैया
कहाँ गई ----------------

4.    चुगती इधर-उधर का दाना
बोती फिर जंगल अनजाना
कीड़े फसल के चट कर जाती
पेस्टिसाइड से मुक्ति दिलाती
            यों पार लगाती तू नैया
            कहाँ गई-------------

5.    खेतों के रसायन ज़हर बने
मोबाइल टावर कहर बने
पशु-पक्षियों के रखवालो
पर्यावरण बचाने वालॉ
            आबाद करो फिर अमरैया
            कहाँ गई----------------

6.    गायों की हत्या से व्यथित
आंन्दोलन होते हैं नित
तेरी भी संख्या घटती
तू भी दिन-प्रतिदिन मरती
            पर नहीं है तू कोई गैया
            कहाँ गई---------------

7.    राज्य पक्षी तो हो गई घोषित
पर कैसे होगी परिपोषित
नहीं है इस पर कोई चिंतन
मन लेकिन करता है क्रंदन
            देख के सूनी ताल-तलैया
            कहाँ गई तू गौरैया----

मंगलवार, 1 जनवरी 2013

स्वागत नूतन वर्ष का है



अवसर दुख संग हर्ष का है
स्वागत नूतन वर्ष का है
पर-हित को है जो जीता
उसके लिए उत्कर्ष का है
स्वागत नूतन.............

                  जिस हरकत पर शर्म करो
                  ऐसा ना तुम कर्म करो
                  उत्पीड़न या हिंसा हो
                  शब्द बड़ा अपकर्ष का है
                  स्वागत नूतन.............

बहस निरंतर हम करते
निर्णय लेकिन कम करते
धरने-वादे बहुत हुए
अब अवसर निष्कर्ष का है
स्वागत नूतन...............
                 
                  हर प्राणी श्रम जब करता
                  देश तरक़्क़ी तब करता
                  लक्ष्य शिखर को छूना है
                  क़िस्सा फ़र्श से अर्श का है
                  स्वागत नूतन................
-भूपेंद्र कुमार

रविवार, 15 जुलाई 2012

एक अमरीकी का हिंदी प्रेम


अमेरिका में हिन्दी के लिए प्रयासरत है युवा हिन्दी प्रेमी एडलर


"अमेरिका के मोंटाना विश्वविद्यालय में पढ़ रहे एक अमेरिकी विद्यार्थी ने अपने विश्वविद्यालय में हिन्दी की कक्षा शुरू करवाने का बीडा उठाया है. राजनीति विज्ञान के इस विद्यार्थी ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से वहाँ हिन्दी सीखने के इच्छुक विद्यार्थियों का एक समूह भी बना लिया.अमेरिका के इस युवा हिन्दी प्रेमी को उम्मीद है कि निकट भविष्य में उसका ये सपना ज़रूर साकार होगा. "

हम अंग्रेजी भाषी है और कभी-कभार हिन्दी में बोलते है मगर अब हम हिन्दी भाषी होकर कभी-कभार अंग्रेजी बोलने वाले बनना चाहते है. हिन्दी के प्रति दीवानगी की हद तक जाकर कही गई ये बात किसी भारतीय ने नहीं बल्कि एक ठेठ अमेरिकन ने कही है. हिन्दी के प्रति समर्पित इस अमेरिकी युवा का नाम जूलियन एडलर है.अपने हिन्दी प्रेम के कारण जूलियन अपने दोस्तों के बीच हिन्दी प्रेमी के नाम से जाने जाते है.
अमेरिका के मोंटाना विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के विद्यार्थी जूलियन ने अपने विश्वविद्यालय में हिन्दी सीखने के इच्छुक विद्यार्थियों का एक समूह बना लिया है. इस समूह में फिलहाल एडलर सहित कुल सात विद्यार्थी है.उसे यकीन  है कि जल्दी ही इस समूह में इतने विद्यार्थी हो जाएंगे कि अगले सत्र से इसे विश्व-विद्यालय के छात्र समूहों की सूची में जोड़ लिया जाए. एडलर को ये भी उम्मीद है कि निकट भविष्य में यहाँ दूसरी कुछ विदेशी भाषाओं की तरह हिन्दी की कक्षाएं भी शुरू हो सकेंगी.ये तो भविष्य की बात है मगर वर्त्तमान में विश्वविद्यालय में अरबी के प्राध्यापक समीर बितार ने इन लोगों को हिन्दी पढाने के लिए एक हिन्दी शिक्षक की व्यावस्था कर दी है.
एडलर का हिन्दी के प्रति लगाव मोंटाना विश्वविद्यालय में भी चर्चा का विषय बन गया है.विश्वविद्यालय के ऑनलाइन न्यूज़ पेपर ने एडलर के हिन्दी समूह की कहानी अपने मुख्य संस्करण में प्रकाशित कर इसकी सराहना की है.पूरे विश्व में हिन्दी के प्रति लोगों की रूचि भी बढ़ रही है और हिन्दी के प्रति सम्मान भी अब ज़रूरत इस बात की है कि हिन्दी भाषी लोगों के मन में भी अपनी भाषा के प्रति सम्मान का भाव जगे. जिस दिन हिन्दी भाषी समाज अपनी मातृभाषा को यथोचित सम्मान देने लगेगा उस दिन से हिन्दी विश्वभाषा के रूप में स्थापित

गूगल हिंदी होम पेज से साभार

सोमवार, 25 जुलाई 2011

सचिव राजभाषा, भारत सरकार, गृह मंत्रालय का साक्षात्कार। प्रस्तुति - मेखला दत्ता, उप महा प्रबंधक(राजभाषा), एयर इंडिया

राजभाषा हिन्दी सबल सोपानों की ओर ...
                                                                                          वीणा उपाध्याय
                                                                                                                       सचिव, राजभाषा

कर्मठता, कार्यनिष्ठा और व्यवस्थित कार्य योजना के साथ नई उपलब्धियों, नई सफलताओं की ओर बढ़ते हुए उन्नति की नई परिभाषा लिखने में सक्षम सुश्री वीणा उपाध्याय भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1976 बैच की यू.पी. काडर की अधिकारी हैं। भारत सरकार में वित्त, आर्थिक कार्य, कृषि व पर्यावरण विभाग और वन मंत्रलय आदि में काम करने का लंबा अनुभव रखने वाली सुश्री वीणा उपाध्याय वर्तमान में गृह मंत्रलय के राजभाषा विभाग में सचिव के रूप में राजभाषा हिंदी के प्रसार कार्य से जुड़ी हुई हैं।
यहां प्रस्तुत है, अपने कार्यों के माध्यम से सभी को प्रेरित करने वाली सुश्री वीणा उपाध्याय से 'विमानिका' की बातचीत जिसे इस ब्लॉग पर प्रकाशनार्थ हमें श्रीमती मेखला दत्ता( उप महा प्रबंधक, राजभाषा, एयर इंडिया)  ने हमें भेजा है। अन्य उपक्रमों के राजभाषा अधिकारियों से भी अनुरोध है कि इस ब्लॉग  में प्रकाशनार्थ उपयोगी सामग्री समय-समय पर भेजें।
-भूपेन्द्र कुमार

विमानिका: आज़ादी के 62 वर्ष बाद आज भारत में राजभाषा की दशा और दिशा के बारे में आप क्या सोचती हैं और क्या इस ओर किए जा रहे प्रयास संतोषजनक हैं?

वीणा उपाध्याय: देखिए, सच्चाई तो यही है कि आज़ादी के इतने वर्षों बाद हिंदी को जो स्थान मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल पाया है। इस दौरान फिल्मों, टी.वी. और प्रिंट मीडिया के माध्यम से हिंदी का अभूतपूर्व प्रसार हुआ है लेकिन शिक्षा जगत तथा शासकीय कार्यप्रणाली में उस अनुपात में कार्य नहीं हो पाया। इस तथ्य के साथ ही यह बात भी बिलकुल सही है कि हिंदी के प्रति हमारी मानसिकता में बदलाव ज़रूर आया है। साठ और सत्तर के दशक के मुकाबले आज की मानसिकता बदली है। साठ के दशक में हिंदी के प्रति विरोध का जो भाव था उसमें ठोस रूप से कमी आई है।
अभी हाल ही में मैंने विशाखापट्रटनम में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लिया जहाँ आंध्र विश्वविद्यालय के कुलपति जी ने, जो स्वयं बहुत अच्छी हिंदी बोलने में सक्षम नहीं थे, अपने वक्तव्य में शिक्षण में व्यापक तौर पर हिंदी के प्रयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी में सम्यक प्रवीणता की प्राप्ति हेतु प्राज्ञोत्तर क्रैश कोर्स होना चाहिए। मैं समझती हूं कि एक दक्षिण भारतीय राज्य के कुलपति का यह कहना दक्षिण भारत में आ रहे इस परिवर्तन का ही द्योतक था।
आंध्रप्रदेश ही भारत का वह दक्षिण भारतीय राज्य है जहां हिंदी भवन का निर्माण किया गया है।
आंध्र विश्वविद्यालय में राजभाषा हिंदी की नीति और कार्यान्वयन को समर्पित एक वर्षीय कोर्स चलाया जा रहा है। तमिलनाडु और केरल में राजभाषा हिंदी के प्रसार के लिए बहुत सी नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियाँ गठित की गई हैं जो बहुत अच्छा काम कर रही हैं। इससे धरातल स्तर पर, हिंदी के प्रति जागरूकता व सौहार्द में वृद्घि हो रही है। इसी तरह गोवा में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में मुझे एक बात ने बहुत प्रभावित किया जब गोवा विश्वविद्यालय के कुलपति जी ने गोवा को राजभाषा कार्यान्वयन के 'ग' क्षेत्र से निकालकर 'ख' में रखने की सिफारिश की। हाल ही में दादरा नगर हवेली, दमन व दीव के प्रशासकों ने भी हमें लिखकर भेजा है कि इन क्षेत्रों को 'ग' क्षेत्र से हटाकर 'ख' क्षेत्र में वर्गीकृत करें। इस केन्द्र शासित संघीय क्षेत्र के दोनों माननीय सांसदों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। इस तरह धीरे-धीरे हिंदी के प्रति धरातल परिवर्तन के साथ-साथ और अधिक सहृदयता का भाव नज़र आ रहा है जो बहुत सकारात्मक है।

विमानिका: राजभाषा कार्यान्वयन के लिए जहां अधिनियम, नियम और संकल्प बने वहीं कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अलग राजभाषा विभाग भी बनाए गए हैं। आज के संदर्भ में ये राजभाषा विभाग अलग विभाग बन कर रह गए हैं। पूरे संगठन में, पूरे संस्थान में राजभाषा कार्यान्वयन के लिए जो समन्वयन कार्य किया जाना था वो संभवत: संपन्न नहीं हो पाया है और राजभाषा विभाग संगठन की मुख्यधारा से कहीं अलग हो गया, ये मान लिया गया। इस संबंध में आपकी क्या राय है ?

वीणा उपाध्याय: देखिए, विभिन्न उपक्रमों में राजभाषा विभाग महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कई जगह मुख्यधारा से जुड़कर भी कार्य किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं जो बहुस्तरीय हैं और इन प्रयासों के परिणाम भी आ रहे हैं। विशेषकर, बैंकों और उपक्रमों में हिंदी का प्रयोग काफी बढ़ा है
अभी हाल ही में मैंने गोवा में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के राजभाषा अधिकारियों के अखिल भारतीय सम्मेलन को संबोधित किया। इस सम्मेलन में उन्होंने एक पावर प्वाइंट प्रेज़ेन्टेशन रखा था। उसमें उन्होंने दिखाया कि वर्ष 1919 में भी यूनियन बैंक में कार्यवृत्त द्विभाषी रूप में जारी किए जा रहे थे और वर्ष 1975 तक उन्होंने राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 100 बैठकें पूरी कर ली थीं।
इस तरह राजभाषा कार्यान्वयन की दिशा में यूनियन बैंक का इतिहास बहुत ही समृद्घ रहा है। साथ ही एक बात और जो मैं यहां ज़रूर बताना चाहूंगी वह यह है कि वहां राजभाषा से जुड़े अधिकारियों को मुख्यधारा के अन्य विभागों में पदोन्नति का मौका दिया जाता है जो बहुत ही उत्साहवर्धक और आशावादी रवैया है। इसी तरह पीएनबी तथा एनटीपीसी में भी बहुत अच्छा काम हो रहा है। गुवाहाटी में एयरपोर्ट अथॉरिटी के कार्यालय में राजभाषा प्रसार की एक बहुत ही प्रेरणादायक योजना शुरू की गई है जिसके अंतर्गत जो भी कर्मचारी हिंदी में अच्छा काम करते हैं, उन्हें उनके परिवार सहित मनपसंद गंतव्य की टिकट दी जाती है।

विमानिका: सूचना और प्रौद्योगिकी के युग में जहाँ हम आर्थिक विकास की बात कर रहे हैं, विश्व से कदम मिलाने की सोच रहे हैं, ऐसी स्थिति में जब अंग्रेजी संप्रेषण की मुख्य भाषा के रूप में स्थापित हो रही है, हिंदी किस प्रकार अपना स्थान बनाए रख सकती है और इस दिशा में सरकार की ओर से क्या प्रयास रहेंगे?

वीणा उपाध्याय: सूचना प्रौद्योगिकी और हिंदी का प्रसार दोनों ही अंतरंग रूप से जुड़े हुए हैं। जहां तक इस दिशा में सरकार द्वारा काम किए जाने की बात है तो राजभाषा विभाग द्वारा इस क्षेत्र् में कुछ टूल्ज़ विकसित करने के लिए सी-डैक के साथ एग्रीमेंट किया गया था। आप ये मानेंगे कि यह आसान क्षेत्र नहीं है; फिर भी जितनी प्रगति इस क्षेत्र में अभी तक हुई है वह संतोषजनक नहीं है।
यहाँ मैं सी-डैक द्वारा विकसित दो टूल्ज़ 'श्रुतलेखन' तथा 'मंत्र' की बात करना चाहूंगी। इन दोनों में से 'श्रुतलेखन' तो काफी हद तक ठीक है लेकिन हिंदी अनुवाद के लिए विकसित टूल 'मंत्र' को उतनी सफलता नहीं मिली है। इसलिए अब हमने यह निर्णय लिया है कि यूज़र डिपार्टमेंट और सॉफ्टवेयर डेवलपर के बीच संपर्क स्थापित किया जाना चाहिए क्योंकि हर विभाग, हर मंत्रलय में प्रयोग किए जाने वाले शब्दों का विशेष संदर्भ होता है। इसलिए अलग-अलग स्थान पर एक ही शब्द का अर्थ अलग-अलग हो जाता है। सी-डैक ने हमें बताया है कि राज्यसभा सचिवालय के साथ इस प्रकार काम करने में उन्हें काफी सफलता मिली है। इसलिए हमने शुरूआत में पांच मंत्रालयों से यह अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने मंत्रालय से दो या तीन व्यक्ति जिन्हें चैम्पियन कहा जाएगा, को नामित करें जो सी-डैक के साथ मिलकर डोमेन स्पेशलिस्ट के रूप में काम कर सकें। अब अगर इसमें हमें सफलता मिलेगी तो अन्य विभागों और मंत्रलयों में भी हम इसी प्रयोग को आगे बढ़ाएंगे।
यह काम काफी महत्त्वपूर्ण है, इस परिवर्तन में समय लगना स्वाभाविक है। लेकिन यह मानकर कि इस परिवर्तन में समय लगेगा हम कोई निश्चित रणनीति न बनाएं, ये ठीक नहीं होगा।

विमानिका: अभी हाल ही में आपने राजभाषा विभाग में कार्यभार संभाला है, आपको कैसा लग रहा है और इस बीच आपने विभाग में क्या नया करने का प्रयास किया है?

वीणा उपाध्याय: मैंने 01 नवम्बर, 2010 को यहां चार्ज लिया और मुझे अभी यहां आए लगभग तीन महीने हुए हैं। मुझे यहां काम करना बहुत अच्छा लग रहा है। मैं आपको बताना चाहूंगी कि हिंदी मेरे मन के बहुत करीब है और यह मेरा पसंदीदा विषय रहा है। कॉलेज में पढ़ते हुए मैं बी.ए की परीक्षा में पूरे पंजाब विश्वविद्यालय में हिंदी विषय में प्रथम रही थी। इसके अतिरिक्त मैनें बी.ए. ऑनर्स व एम.ए.अंग्रेज़ी साहित्य में किया। आई.ए.एस. की परीक्षा में भी दो पर्चे अंग्रेज़ी साहित्य व एक हिन्दी साहित्य का लिया। अत: मैं सहज रूप से द्विभाषी हूँ।

इस विभाग में काम करना इसलिए भी उत्साहपूर्ण लग रहा है क्योंकि गृहमंत्री महोदय राजभाषा प्रसार की ओर विशेष ध्यान देते हैं और रुचि लेते हैं। यहां आने के बाद सबसे महत्त्वपूर्ण पहल जो मैंने की है वह मंत्री महोदय के मार्गदर्शन में ही की है। हम जो क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन आयोजित करते थे उन्हें और कारगर बनाने के लिए, माननीय मंत्री महोदय ने यह सुझाव दिया कि इन सम्मेलनों को क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों और छात्रों से जोड़ा जाए। पहले हम इन क्षेत्रीय सम्मेलनों का आयोजन किसी भी उपलब्ध स्थान पर करते थे परंतु अब हम कोशिश करते हैं कि यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में हो ताकि विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रोफेसर तथा छात्र इन सम्मेलनों से जुड़ सकें। अभी तक हमने विशाखापट्रटनम और गोवा में इस प्रकार के सम्मेलन किए हैं तथा आगे ऐसे ही दो अन्य समारोह शिमला, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय तथा गंगटोक में भी करने की योजना है। इसके अतिरिक्त, मैंने विभाग की वेबसाइट के व्यापक सुधार की तरफ भी ध्यान दिया है क्योंकि मैं मानती हूं कि विभाग की वेबसाइट बाहरी लोगों के समक्ष विभाग का चेहरा है। हमने इसे और सुव्यवस्थित, सुरुचिपूर्ण व सर्वपक्षीय बनाया है। राष्ट्रपति आदेशों की अद्यतन स्थिति, क्षेत्रीय अवस्थापना के सचित्र प्रस्तुतिकरण के अतिरिक्त आयोजनों की व्यापक कवरेज़ तथा सदस्य अधिकारियों के चित्र व अर्हताओं के विवरण भी दिए गए हैं। हम अपनी वेबसाइट को बहुआयामी, व्यापक और गहन बना रहे हैं। वेबसाइट को अद्यतन रखने के लिए हमने एडिटोरियल बोर्ड भी गठित किया है। राजभाषा सचिव के रूप में मैं स्वयं उसकी अध्यक्षता करती हूं। इस बोर्ड की नियमित रूप से माह के प्रति प्रथम तथा तृतीय बृहस्पतिवार को पाक्षिक बैठकें की जाती हैं। एक और महत्त्वपूर्ण प्रयास जो हमने किया है वह है हिंदी के प्रसार के लिए विभाग का बजट बढ़ाने की कोशिश। आने वाले वर्ष में विभाग का बजट पांच करोड़ रुपए से बढ़कर बीस करोड़ रुपए हुआ है।
इससे प्रचार पर प्रचुर राशि का प्रयोग किया जायेगा। विभिन्न कल्पनाशील मुद्रण व दृश्य-श्रव्य माध्यमों से व सूचना प्रौद्योगिकी का प्रयोग करते हुए राजभाशा हिन्दी के प्रावधानों, शब्दकोश, आई.टी.टूल्ज़, महापुरूषों के उद्गारों व उत्कृष्ट प्रयोगों (बेस्ट प्रैक्टिसिस) का व्यापक प्रसार किया जायेगा। विभिन्न प्रकार से विज्ञापनों और होर्डिंग द्वारा हम इस दिशा में और जागरूकता लाने का प्रयास करेंगे। इसके अतिरिक्त हिंदी अनुवाद, कार्यशाला, पेपर सैटिंग, पुरस्कार राशि आदि से संबंधित पारिश्रमिक की दरें बहुत पुरानी थीं, हमने उन्हें बढ़ाया है। साथ ही इस क्षेत्र में अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों के मापदंड बहुत पुराने थे जिसकी वजह से कार्य उपलब्धि का स्तर बहुत कम हो रहा था और मैं समझती हूं कि जैसे-जैसे आपका अनुभव बढ़ता जाता है, आपकी कार्यक्षमता भी बढ़ती है तो उसी हिसाब से कार्य के मापदंडों में भी बदलाव ज़रूरी था। हमने इस दिशा में सुधार किया है।

हमारी उपलब्धि का एक और हिस्सा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों से जुड़ा है। आज की तिथि में हमारे देश में कुल 274 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियाँ हैं और हमारा प्रयास है कि शीघ्र ही यह संख्या 300 हो जाए। पिछले वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन 4 से 5 'नराकास' (नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियाँ) जुड़ती थीं पर हम सुव्यवस्थित रूप से इस ओर काम कर रहे हैं और हमारा प्रयास है कि प्रतिवर्ष कम से कम 20 से 25 नई नराकास जुड़ें। इसके अलावा क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालयों के क्षेत्राधिकारों को और तर्कसंगत बनाने के साथ-साथ हमारे विभाग की अन्य इकाइयों के बीच आपसी समन्वय को भी मैंने और मज़बूत करने की कोशिश की है और यह मेरा सौभाग्य है कि मंत्री महोदय की ओर से इस ओर मार्गदर्शन मिलने के साथ-साथ विभाग में मेरे अधिकारियों की टीम का भी मुझे पूरा सहयोग मिला है। यह सभी उपलब्धियाँ इसी का नतीजा हैं।

विमानिका: 'निज भाषा उन्नति अहे सब उन्नति को मूल' बरसों बरस पहले भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने भाषा और उन्नति के जिन संदर्भों को जोड़ा था आज के समय में आप उन्हें कितना सटीक मानती हैं

वीणा उपाध्याय: बिल्कुल सही है बरसों बरस पहले लिखी गई भारतेन्दु जी की यह पंक्तियां आज भी उतनी ही सटीक हैं। यह निर्विवाद सत्य है कि जो अपनी भाषा का सम्मान करेगा वह दूसरी भाषाओं का भी सम्मान करेगा। आपकी भाषा आपकी पहचान होती है, आपकी संस्कृति की वाहिका होती है। भाषा के प्रति सम्मान के बिना आप संस्कृतिहीन, सभ्यताहीन समाज की ओर बढ़ने लगेंगे क्योंकि मैं मानती हूँ कि आपके जीवन का सांस्कृतिक, बौद्घिक पक्षों से संबंध भाषा के माध्यम से ही होता है।

विमानिका: विश्व मंच पर आज जिस तरह सभी राष्ट्र अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रयासरत हैं, आपके विचार में विश्व मंच पर भारत की पहचान बनाने में हिंदी क्या और कितनी भूमिका निभा सकती है?

वीणा उपाध्याय: अगर आज की बात करें तो हिंदी विश्व मंच पर बोली जाने वाली तीसरी भाषा के रूप में है और आंकड़ों के अनुसार लगभग 135 यूनिवर्सिटियों में हिंदी पढ़ाई जाती है और लगभग 93 देशों में बोली जाती है। 110 करोड़ भारतीयों में से 70 प्रतिशत लोग हिंदी बोलते और समझते हैं। विदेशों में जो भारतीय रहते हैं उनकी भी संपर्क भाषा हिंदी ही है। विश्वमंच पर हिंदी की पहचान को और सुदृढ़ करने के लिए हिंदी को यूएन की भाषा बनाने के प्रयास जारी हैं और मैं मानती हूं कि हिंदी की अपनी अलग पहचान बनी हुई है।

अभी हाल ही में मॉरिशस में विश्व हिंदी दिवस का आयोजन किया गया जहां मॉरिशस के राष्ट्रपति सर अनिरूद्घ जगन्नाथ ने अपना अध्यक्षीय वक्तव्य दिया। इस अवसर पर हिन्दी के प्रसार पर विचार संगोष्ठी का भी आयोजन हुआ जिसमें मैंने व अन्य कई अंतर-राष्ट्रीय स्तर के बुद्घिजीवियों ने भाग लिया। मॉरिशस में हिंदी के प्रयोग के लिए बहुत सकारात्मक वातावरण है और मॉरिशस ने हिंदी के संयुक्त राष्ट्र की भाषा बनने में अपना समर्थन देने की उत्साहित तत्परता प्रकट की है।

विमानिका: अब एक व्यक्तिगत प्रश्न- आपकी रुचियाँ क्या हैं और आपकी व्यस्त दिनचर्या में फुरसत के क्षणों में आप क्या करना पसंद करती हैं?

वीणा उपाध्याय: मुझे पढ़ने का बहुत शौक है। मैं आर्थिक, सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और पर्यावरण आदि जैसे विषयों पर किताबें पढ़ना पसंद करती हूँ। इसके अलावा मुझे बाग़वानी का शौक है, व्यवस्थापरक सुधारों का शौक, नई जगहें देखना, नए लोगों से मिलना भी मुझे बहुत अच्छा लगता है।


बुधवार, 3 मार्च 2010

होली है या रंगोली है

हर बगिया में छितराई फूलों की टोली है
छाए रंग बहारों में होली है या रंगोली है

गीतों ग़ज़लों की झड़ी है लगी   अब   हर   महफिल में
बे बहर की ग़ज़ल भी सुन लो, बुरा न मानो होली है

सिंधी   ना  गुजराती     न   मराठी  मेरी  भाषा
प्यार की भाषा जो बोले, वो मेरी ही बोली है

कि गले मिलना औ होली खेलन सब भूले हैं
टीवी कंप्यूटर की   फसल ये कैसी   बो ली  है

अपना हित मत साधो, सत्ता छिन भी सकती है
सियासत से मत खेलो, जनता अब ना भोली है

मत पूछो किस-किस ने   जान गँवाई   बदले में
तुमने जब भी प्यार के बदले नफरत घोली है

बम डालो या फूल मुहब्बत के, ये तुम पर है
इन्साँ  की   ख़ातिर    फैला  दी  मैंने  झोली  है

-भूपेन्द्र कुमार
दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कं. लि.
नई दिल्ली

रविवार, 24 जनवरी 2010

शुभकामनाएँ 2010

आनन्द क्रांतिवर्धन हर साल नव वर्ष का स्वागत किसी ज्वलंत विषय पर लिखी अपनी कविता से करते हैं जिसे वे एक ग्रीटिंग कार्ड के रूप में सभी मित्रों को भेजते हैं। इस साल उनकी कविता हम नराकास की इस साझा ब्लॉग पत्रिका में प्रकाशित कर रहे हैं। आशा है भविष्य में वे स्वयं भी इसके लेखक बन कर इस साझा पत्रिका  में अपनी व अपने संगठन के अन्य कार्मिकों की रचनाएँ व समाचार प्रकाशित करके अपना सहयोग देंगे।


                                                                                                                                            -भूपेन्द्र कुमार


हे धरती,


तुम्हारी लय बिगड़ रही है


सांसें उखड़ रही हैं


तुम्हारी नब्ज़ मंद पड़ती जा रही है


और असमय ही तुम्हें गहरी नींद आ रही है


हवा में गूँज रहा है तुम्हारा प्रलाप


क्योंकि बढ़ता ही जा रहा है तुम्हारा ताप


पर यकीन करो


हम तुम्हें मरने नहीं देंगे


तुम्हारी सेहत के बारे में


कोई न कोई निर्णय ले ही लेंगे


माना कि तुम्हारे लिए


एक-एक मिनट भारी है


पर इतनी अधीर मत बनो


मीटिंग अभी जारी है




हे धरती,


कितने आश्‍चर्य की बात है


और यह मेरे लिये गहरा आघात है


तुम हमारे ज़रा-से लालच को नहीं सह पाईं


थोड़े से दबाव में ही


तुम्हारे चेहरे पर


असंख्य बीमारियाँ उग आईं


तुम्हारा तो मानचित्र ही बदल गया है


ओज़ोन के सुरक्षा कवच में छेद हो गया है


ध्रुवों के बैंकों में जमा


तुम्हारी भविष्य निधि का कोष


पिघलने लगा है


पृथ्वी-भक्षी बन समुद्र


द्वीपों को निगलने लगा है


दरकने लगी है


तुम्हारी उर्वर देह


अब सावन में भी नहीं भिगोता मेह




अतृप्ति में,


कोई नहीं है हमारा सानी


हमारी प्यास


पी गई है तुम्हारा सारा पानी


इसीलिए तुम्हें डी-हाईड्रेशन हो गया है


भू-जल स्तर


पाताल तक पहुंच गया है


रेगिस्तान का अजगर


जीभ लपलपाता बढ़ने लगा है चारों ओर


इसीलिए “बनाना कन्ट्रीज”


इकट्ठे हो कर मचा रहे हैं शोर




हे धरती, विवेक से काम लेना


इनकी बातों पर ध्यान मत देना


हम तुम्हारी चिंताजनक-स्थिति के बारे में


कन्सेंसस बनाने की कोशिश करेंगे


और आम सहमति बनते ही


तुम्हारे लिए कुछ न कुछ जरूर करेंगे




अभी मुझे माफ़ करना


ज़रा जल्दी में हूँ


दो दिन से अपने कुत्तों से नहीं मिला हूँ


कई ज़रूरी सवाल मेरे सामने खड़े हैं


कितने ही महत्वपूर्ण काम बाक़ी पड़े हैं


अभी शेयर बाज़ार को संभलने दो


अर्थव्यवस्था को मंदी से


उबरने दो




तुम्हें बस दो हज़ार पचास तक


इंतज़ार करना होगा


तब तक कम से कम


दो डिग्री बुखार तो तुम्हें सहना होगा


मैं नहीं देख सकता


तुम्हे तिल-तिल कर मरती


तुम सुन रही हो ना धरती




ऐ मेरी विकसित और विकासशील संतानों


अंधे विकास की होड़ में


अपने स्वार्थ के परों को


इतना मत तानो


कि मैं अपने परिपथ से


विचलित हो जाऊँ


और अपनी असंख्य निर्दोष संतानों के साथ


ब्लैक होल में समा जाऊँ




हे कालिदास तुम किस बात पर ऐंठे हो


उसी को काट रहे हो


जिस डाल पर बैठे हो


अपने भीतर अचेत पड़े विवेक को


झकझोर कर जगाओ


और “प्वाइंट ऑफ नो रिटर्न”


आने से पहले ही


वापस लौट जाओ


अभी इतना भर करो ..... बस


मुबारक हो दो हजार दस


*** *** ***

-आनन्द क्रांतिवर्धन

सहायक महाप्रबन्धक(हिन्दी)

भारतीय खाद्य निगम, मुख्यालय

16-20, बाराखंबा लेन, नई दिल्ली-110001

मंगलवार, 8 दिसंबर 2009

वैज्ञानिक अनुसंधान - मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है हिन्दी का प्रयोग

विज्ञान पत्रिका करेंट साइंस में एक अनुसंधान का विवरण प्रकाशित हुआ है, जिसके बारे में हिन्दी दैनिक राष्ट्रीय सहारा में भी एक समाचार प्रकाशित हुआ है। राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केन्द्र द्वारा किए गए इस अनुसंधान का निष्कर्ष यह है कि अंग्रेज़ी की तुलना में हिन्दी भाषा के प्रयोग से मस्तिष्क अधिक चुस्त दुरुस्त रहता है।

अनुसंधान से संबन्धित मस्तिष्क विशेषज्ञों का कहना है कि अंग्रेज़ी बोलते समय दिमाग का सिर्फ बायाँ हिस्सा सक्रिय रहता है, जबकि हीन्दी बोलते समय मस्तिष्क का दायाँ और बायाँ, दोनों हिस्से सक्रिय हो जाते हैं जिससे दिमाग़ी स्वास्थ्य तरोताज़ा रहता है। राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केन्द्र की भविष्य में अन्य भारतीय भाषाओं के प्रभाव पर भी अध्ययन करने की योजना है।

अनुसंधान से जुड़ी डॉ. नंदिनी सिंह के अनुसार, मस्तिष्क पर अंग्रेज़ी और हिन्दी भाषा के प्रभाव का असर जानने के लिए छात्रों के एक समूह को लेकर अनुसंधान किया गया। अध्ययन के पहले चरण में छात्रों से अंग्रेज़ी में जोर-जोर से बोलने को कहा गया और फिर हिन्दी में बात करने को कहा गया। इस समूची प्रक्रिया में दिमाग़ की हरकतों पर एमआरआई के ज़रिए नज़र रखी गई। परीक्षण से पता चला कि अंग्रेज़ी बोलते समय छात्रों के दिमाग का सिर्फ बायाँ हिस्सा सक्रिय था, जबकि हिन्दी बोलते समय दिमाग के दोनों हिस्से (बायाँ और दायाँ) सक्रिय हो उठे।

अनुसंधान दल के मुताबिक, ऐसा इसलिए होता है क्योंकि अंग्रेज़ी एक लाइन में सीधी पढ़ी जाने वाली भाषा है, जबकि हिन्दी शब्दों के ऊपर-नीचे और बाएँ-दाएँ लगी मात्राओं के कारण दिमाग को इसे पढ़ने में अधिक कसरत करनी पड़ती है, जिससे इसका दायाँ हिस्सा भी सक्रिय हो उठता है। इस अनुसंधान के परिणामों पर जाने माने मनोचिकित्सक डॉ. समीर पारेख ने कहा कि ऐसा संभव है। उनका कहना है कि हिंदी की जिस तरह की वर्णमाला है, उससे मस्तिष्क को कई फायदे हैं।
 
अभी तक हम हिन्दी के समर्थन में आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक तर्क देते थे, मगर इस अनुसंधान के बाद अब यह वैज्ञानिक पक्ष भी जुड़ गया है। आशा है इस तथ्य को जान लेने के बाद लोग हिन्दी प्रयोग की ओर अवश्य प्रवृत्त होंगे। अतः हम सबका यह कर्तव्य है कि इस समाचार का अधिक से अधिक प्रचार करें।
 
-भूपेन्द्र कुमार
सहायक प्रबन्धक,
दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कं. लि., दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय-1

सोमवार, 7 दिसंबर 2009

राजभाषा हिंदी - दायित्‍व एवं निर्वाह

26 जनवरी, 1950 को संविधान लागू होते ही हमारे देश की राजभाषा हिंदी हो गई। यह अलग बात थी कि संविधान में संघ के कार्यों के लिए पंद्रह वर्षों तक हिंदी के साथ अंग्रेजी के प्रयोग को जारी रखने की भी व्‍यवस्‍था की गई। जिसका मंतव्‍य यह था कि संघ सरकार का कामकाज हिंदी में धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा और 15 वर्षों की समाप्‍ति के बाद हिंदी पूर्णत: संघ की राजभाषा हो जाएगी। आज संविधान लागू हुए 59 वर्ष बीत गए परंतु सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रयोग अभी भी उतना नहीं हो पा रहा है जितना होना चाहिए था। सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की व्‍यावहारिक कठिनाईयों को ध्‍यान में रखकर ही राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के अंतर्गत हिंदी शिक्षण योजना की शुरूआत की थी जिसके अंतर्गत कर्मचारियों के हिंदी शिक्षण की व्‍यवस्‍था की गई है ताकि वे हिंदी सीख कर अपना कार्यालयी कार्य सहजता से हिंदी में संपादित कर सके। पूरे देश में हिंदी शिक्षण योजना के कई उप केंद्र भी खोले गए जिसका उद्देश्‍य कर्मचारियों को बिना किसी परेशानी के हिंदी सीखने में मदद करना है। आज तो भारत सरकार का राजभाषा विभाग ऑन-लाइन हिंदी का शिक्षण उपलब्‍घ करा रहा है परंतु इन सब के बावजूद सरकारी विभागों की फाइलों से हिंदी अभी भीक्‍यों नदारद  है यह समझ से परे है। ऐसा भी नहीं है कि हिंदी लोगों को आती नहीं है। लगभग पूरे देश में हिंदी सभी को आती है। प्रिंट मीडिया और इलैक्‍ट्रॉनिक मीडिया के प्रसार से हिंदी जानने वालों की संख्‍या में आशातीत वृद्धि हुई है। हिंदी जानने वाले देश के हर कोने में मौजूद है। कश्‍मीर से लेकर कन्‍याकुमारी तक सभी को हिंदी आती है। पर ऐसा क्‍या कारण है कि पूरे देश के सरकारी कार्यालयों में प्रोत्‍साहन योजनाओं, आवधिक कार्यशालाओं के नियमित आयोजन, हिंदी पखवाड़ा, हिंदी माह मनाने के बावजूद भी संघ का कार्य राजभाषा में क्‍यों नहीं हो पा रहा है। काफी चिंतन एवं मनन के पश्‍चात यह विचार बार-बार आता है कि हिंदी को संघ की राजभाषा बनाने में हमारे वरिष्‍ठ अधिकारियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। वे अपने कार्यालयी कार्य की भाषा के रूप में हिंदी को अपनाने में कतरा रहे हैं। ऐसा नहीं है कि इन अधिकारियों को हिंदी नहीं आती है अथवा कम आती है। इन अधिकारियों का हिंदी ज्ञान इनके हिंदी पखवाड़ा, हिंदी कार्यशालाओं, राजभाषा सम्‍मेलनों तथा अन्‍य सार्वजनिक अवसरों पर मुखरित होता है तथा ये स्‍वीकार भी करते हैं कि हिंदी, हिंद की केवल एक भाषा नहीं बल्‍कि पूरी संस्‍कृति है और अपनी संस्‍कृति से विहीन देश मौलिक विकास नहीं कर सकता है।परंतु हिंदी लिखने के अभ्‍यास में कमी की वजह से ये अधिकारी हिंदी में काम नहीं कर पाते हैं। अक्‍सर देखा गया है कि जो भी वरिष्‍ठ अधिकारी अपना कार्य हिंदी में करता है उसके अधीनस्‍थ सभी अधिकारी व कर्मचारी अपना अधिकाधिक कार्य हिंदी में और अधिक करने के लिए तत्‍पर रहते हैं। जहां तक कनिष्‍ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बात है उन सभी को हिंदी इतनी आती है कि उनके लिए हिंदी में काम करना कठिन नहीं बल्‍कि सहज है। वे अपने मनोभावों को हिंदी में व्‍यक्‍त करने में सहजता महसूस करते है और उनकी कार्य निष्‍पादन क्षमता भी बढ़ी हुई पाई गई है। अत: जब तक कार्यालय के शीर्ष अधिकारी हिंदी में कार्य करने के लिए अपने विभाग, संस्‍था, संस्‍थान, कार्यालय का स्‍वयं आगे बढ़कर नेतृत्‍व नहीं करेंगे तब तक संघ का कार्य हिंदी में करने की बात करना महज एक दिवास्‍वप्‍न होगा। अत: संघ का कार्य हिंदी में हो इसकी जिम्‍मेदारी सर्वप्रथम हमारे शीर्षस्‍थ अधिकारियों पर है। जब तक ये अधिकारी अपने कर्तव्‍य का पालन नहीं करेंगे तब तक अन्‍य से ऐसी अपेक्षा करना उचित नहीं होगा। प्रश्‍न यह है कि शीर्ष पर बैठे इन विज्ञ व जिम्‍मेदार अधिकारियों को उनकी राजभाषा संबंधी जिम्‍मेदारी का एहसास कौन और कैसे कराया जाए। उम्‍मीद की जाती है कि कभी न कभी तो इन्‍हें खुद ब खुद अपनी जिम्मेदारी का एहसास होगा और इनकी अंतरात्‍मा, इनका आत्‍मचिंतन इन्‍हें हिंदी को आत्‍मसात करने के लिए विवश कर देगी। पूरे विश्‍व में अपनी कार्यक्षमता का लोहा मनवाने के बाद भारतीय अफसरशाही को राजभाषा के कार्यान्‍वयन के लिए बस याद दिलाने की जरूरत है। 'का चुप साधि रहा बलवाना' एक बार जब इनको अपनी कार्यान्‍वयन क्षमता की याद आ जाएगी उसी दिन से हिंदी संघ की राजभाषा हो जाएगी और पूरा देश एक भाषा सूत्र में बंध जाएगा और हिंदी संघ की राजभाषा व्‍यवहार्य रूप में बन पाएगी।



विनोद राय
हिंदी अधिकारी
भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड

मंगलवार, 15 सितंबर 2009

साक्षात्कार

एयर इंडिया की गृह पत्रिका विमानिका के लिए श्रीमती मेखला दत्ता, उप महा प्रबंधक(राजभाषा) ने सचिव, राजभाषा डॉ प्रदीप कुमार का एक स्मरणीय साक्षात्कार लिया जिसे उन्होंने नराकास के इस ब्लॉग पर भी प्रकाशनार्थ भेजा है। आशा है इससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। अन्य सदस्य उपक्रमों के लेखकों से भी अनुरोध है कि वे भी रचनाएँ एवं सूचनाएँ भेजें अथवा लेखकीय अनुमति लेकर स्वयं पोस्ट करें।
-भूपेन्द्र कुमार
हिंदी हमारी पहचान से जुड़ी है ....
-डा. प्रदीप कुमार - सचिव, राजभाषा
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार

राजभाषा विभाग के वर्तमान सचिव डॉ। प्रदीप कुमार वित्ता मंत्रालय, खान मंत्रालय, केन्द्रीय योजना मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और कृषि मंत्रालय में भी कार्य कर चुके हैं । भौतिकी और डेवलपमेंट स्टडीज (बाथ विश्वविद्यालय, यू.के.) से स्नातकोत्तार उपाधि तथा औषधीय पौधों के संबंध में लखनऊ विश्वविद्यालय से पी.एच.डी. की डिग्री प्राप्त डॉ. प्रदीप कुमार का अनुभव बहुत विस्तृत है । यहां प्रस्तुत है डा। प्रदीप कुमार से विमानिका की एक बातचीत :
विमानिका:
राष्ट्र की अस्मिता, संस्कृति और पहचान में हिंदी की एक महत्वपूर्ण भूमिका है साथ ही राजभाषा विभाग भी इस संदर्भ में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । इस संबंध में आपकी क्या राय है ?
डा प्रदीप कुमार :
हिंदी केवल हमारी संपर्क भाषा ही नहीं हमारे राष्ट्र की संस्कृति, अस्मिता और पहचान से भी जुड़ी हुई है । वर्ष 1997 में किए गए एक अध्ययन के अनुसार 66 प्रतिशत भारतीय हिंदी बोल सकते हैं और 77 प्रतिशत भारतीय हिंदी समझ सकते हैं । 118 करोड़ लोग हिंदी को अपनी मातृभाषा समझते हैं और लगभग 30 करोड़ लोग हिंदी को अपनी सैकेंड लेंगवेज मानते हैं । पूरे विश्व में करीब 96 करोड़ लोग हिंदी बोलने वाले हैं और विश्वभर में सौ से अधिक देशों में प्रवासी भारतीय रहते हैं जिनकी संपर्क भाषा हिंदी है । प्रवासी भारतीय भी संस्कृति से जुड़े हुए हैं । देश से दूर रहते हुए भी वे अपने देश की पहचान को बनाए रखते हैं । एक और महत्तवपूर्ण बात यह है कि 90 प्रतिशत समाचार पत्र और मैगजीन हिंदी में हैं और इनमें बहुत से ऐसे हैं जिनमें पूजीं निवेश विदेशी है ।
हिंदी में न केवल भारत की आत्मा प्रतिबिंबित होती है बल्कि विश्व भाषा के रुप में भी हिंदी ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है । इस संबंध में भारतेन्दु जी की पंक्तियां याद आती हैं :
'निज भाषा उन्नति अहे, सब उन्नति को मूल
बिनु निज भाषा ज्ञान के मिटे न हिय को शूल ।

विमानिका:
राजभाषा विभाग का प्रमुख उद्देश्य क्या है और आज के संदर्भ में इस उद्देश्य की पूर्ति कहां तक हो पा रही है ?

डा. प्रदीप कुमार :
सबसे पहला उद्देश्य तो राजभाषा के संबंध में संवैधानिक उपबंधों, राजभाषा अधिनियम तथा नियमों को लागू करना है और दूसरा प्रमुख कार्य सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है । इसके अतिरिक्त राजभाषा कार्यान्वयन के प्रसार की दिशा में कई समितियां कार्य कर रही हैं । केन्द्रीय हिंदी समिति, संसदीय राजभाषा समिति, हिंदीं सलाहकार समिति, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, केन्द्रीय कार्यान्वयन समिति आदि । इन समितियों के कार्यों का समन्वय करना और बैठक आदि आयोजित करना भी राजभाषा विभाग का एक महत्तवपूर्ण कार्य है । संसदीय राजभाषा समिति राजभाषा के संबंध में जो सिफारिशें देती हैं उस पर महामहिम राष्ट्रपति महोदय के आदेश पारित कराना और फिर उनका कार्यान्वयन भी राजभाषा विभाग के कार्यों की परिधि में ही आता है ।

विमानिका:
विश्व के परिप्रेक्ष्य में आज भारत एक ऐसा बाजार बनता जा रहा है जिसपर सभी की नजर केन्द्रित है । इस संदर्भ में हिंदी की क्या भूमिका हो सकती है ?

डा. प्रदीप कुमार :
ग्लोबलाइजेशन के इस दौर में भारत का महत्व बहुत बढ़ता जा रहा है क्योंकि हमारी आबादी एक बहुत बड़ा मार्केट है जिस तक विदेशी कंपनिया भी पहुंचना चाहती है। इस संदर्भ में आज हिंदी की भूमिका भी बढ़ी है ।

विमानिका:
संविधान लागू होने के 59 वर्ष बाद राजभाषा हिंदी की दिशा और दशा के बारे में आप क्या सोचते है और क्या इस ओर किए जा रहे प्रयास संतोषजनक हैं ?

डॉ प्रदीप कुमार :
और अधिक काम करने की संभावना तो हमेशा बनी ही रहती है फिर भी पिछले कुछ सालों में राजभाषा प्रसार की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं । आज के संदर्भ में सरकारी कार्यालयों में अधिकतर काम कम्प्यूटर पर ही किया जाता है तो कम्प्यूटर में हिंदी के प्रयोग पर बल दिया गया है हार्डवेयर में हिंदी में समस्या आ रही थी उसका समाधान हमने यूनी कोड के माध्यम से किया है । सॉ्फटवेयर विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं । तकनीक के क्षेत्र में हिंदी का प्रयोग सबसे महत्तवपूर्ण है इस संबंध में लीला सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है जिसमें 14 क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से आप हिंदी सीख सकते हैं । इसी प्रकार सी-डेक द्वारा मंत्रा नामक एक अन्य साफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है जिसमें हम अंग्रेजी पाठ का हिंदी अनुवाद कर सकेंगे । हालांकि इसमें अभी बहुत सुधार की जरुरत है लेकिन प्रयास जारी हैं । इन सबके बावजूद मैं समझता हूं राजभाषा प्रसार में पहली आवश्यकता मानसिकता में बदलाव लाने,दूसरी अनुकूल वातावरण तैयार करने और तीसरी तकनीकी सुविधाओं की उपलब्धता है।

विमानिका:
निजीकरण के इस दौर में राजभाषा के प्रयोग का क्या भविष्य रहेगा ?क्या राजभाषा कार्यान्वयन केवल सरकारी कार्यालयों में ही सिमट कर रह जाएगा ?

डा. प्रदीप कुमार :
देखिए निजीकरण भी अगर हो रहा है तो काम करने वाले तो उसमें हिंदुस्तानी ही हैं । हमारे देश के लोग ही हैं । संस्कृति उनकी भारतीय है , भाषा उनकी हिंदी है । भारत में अधिकाशंत: लोग हिंदी जानते हैं । इसलिए निजीकरण के बाद भी अगर कर्मचारी और अधिकारी हिंदी में बात करने में सुविधा महसूस करते हैं तो हिंदी के प्रयोग को बनाए रखेगें। उदाहरण के लिए अगर एयरलाइनों की ही बात करें तो पिछले कुछ समय से एयरलाइनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के प्रोफाइल में बहुत अधिक परिवर्तन आया है । आज हवाई यात्रा आम आदमी की पहुंच के भीतर पहुंची है और यही कारण है कि आज निजी एयरलाइनों ने भी अपने काम-काज में हिंदी की आवश्यकता को पहचाना है ।

विमानिका:
हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी के प्रति एक उत्सवधर्मिता सी दिखती है इस संबंध में आपकी क्या राय है ?

डा. प्रदीप कुमार :
देखिए हिंदी दिवस या हिंदी पखवाड़े से हिंदी के लिए एक वातावरण बनता है । प्रतियोगिताएं आयोजित हो जाती हैं, पुरस्कार मिलते हैं तो लोगों को प्रेरणा मिलती है। उस दौरान राजभाषा कार्यान्वयन की दिशा में काम करने का फोकस बन जाता है । लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हिंदी का प्रचार - प्रसार उसी पखवाड़े या एक दिन तक सीमित हो जाए वो तो सारे साल हमें करना होता है और सारे साल हमारे कार्यक्रम चलते रहते हैं । हिंदी सलाहकार समितियां और नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियां साल में अलग-अलग समय बैठक करती रहती हैं । फिर सारे साल जो संगठन या संस्थान काम करते हैं उसके आधार पर उन्हें पुरस्कार मिलते हैं । राजीव गांधी पुरस्कार योजना है , इंदिरा गांधी पुरस्कार योजना है । यह कोई एक दिन या पखवाड़े के काम पर नहीं बल्कि पूरे साल के काम पर है और इस दिशा में पूरे वर्ष काम होता भी है । संसदीय समितियों की बैठकें पूरे वर्ष जारी रहती हैं । राजभाषा विभाग क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित करता है । चार क्षेत्रीय सम्मेलन इस वर्ष भी आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है । अन्य विभागों में भी राजभाषा की दिशा में किए जाने वाले कार्य पूरे साल ही चलते रहते हैं ।

विमानिका :
एक आई.एस अधिकारी के रूप में अलग-अलग विभागों, मंत्रालयों तथा कार्यालयों में कार्य का आपका विस्तृत अनुभव है । राजभाषा विभाग में आपका अनुभव कैसा रहा ?

डा. प्रदीप कुमार :
यह विभाग बिल्कुल अलग है, इसके कार्य पूरे भारतवर्ष में हर प्रदेश में हैं हर प्रदेश में हिंदी में प्रोत्साहन के लिए कार्य हो रहा है । हमारे आठ कार्यान्वयन कार्यालय हैं जो अपने क्षेत्र में काम कर रहे हैं । राजभाषा विभाग की नीति प्रेरणा और प्रोत्साहन और सद्भाव से काम की नीति है । यहां काम करने का स्कोप बहुत ज्यादा है । जैसा मैंने पहले भी कहा कि राजभाषा प्रसार के लिए मानसिकता में बदलाव लाने की जरुरत है और मानसिकता में बदलाव रातों-रात लाना संभव नहीं है वह धीरे-धीरे ही हो सकेगा । इस दिशा में प्रयास जारी हैं ।

विमानिका :
अपनी कार्य व्यस्तता के बावजूद फुर्सत के कुछ क्षणों को आप किस प्रकार बिताना पंसद करते है ?

डॉ प्रदीप कुमार :
जब भी समय मिलता है मैं गोल्फ खेलना और तैराकी करना पंसद करता हूँ। इसके अलावा मुझे ट्रेक्किंग का भी बहुत शौक है अभी हाल ही में मैं अमरनाथ जी की यात्रा से लौटा हूं, उससे पहले कैलाश मानसरोवर के दर्शन किए । संगीत और अध्यात्म से जुड़ी किताबें पढ़ना भी मुझे अच्छा लगता है ।


रविवार, 28 जून 2009

दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कं. लि. की रा.का.स. की तिमाही बैठक

दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कं.लि., दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय-1 की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक दिनांक 29 जून 2009 को दोपहर 2.00 बजे क्षेत्रीय कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में क्षेत्रीय प्रबन्धक श्री अमित बिस्वास की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

शुक्रवार, 26 जून 2009

इस ब्लॉग का लेखक बनने के लिए

नराकास के इस साझा ब्लॉग पर आप सबका हार्दिक स्वागत है। भारत सरकार के दिल्ली स्थित उपक्रमों का कोई भी कार्मिक इसका लेखक बन सकता है। लेखक बनने के उपरांत आप न केवल अपनी व अपने कार्यालय के कार्मिकों की रचनाएँ इस ब्लॉग पर प्रकाशित कर पाएँगे अपितु अपने उपक्रम से संबन्धित समाचार, चित्र व वीडियो इत्यादि भी स्वयं पोस्ट कर पाएँगे। इच्छुक व्यक्तियों को बस इतना करना है कि वे अपना परिचय bkumar28@gmail.com पर मेल कर दें। आप 9868112929 पर फोन से भी संपर्क कर सकते हैं। आपका परिचय प्राप्त हो जाने पर नराकास के सदस्य सचिव  से अनुमति लेकर आपको ई-मेल से एक आमंत्रण भेजा जाएगा, जिसे स्वीकार कर लेने के उपरांत आप इस ब्लॉग पर सामग्री पोस्ट कर पाएँगे। इसके लिए आपके पास एक गूगल खाता होना आवश्यक है। हिन्दी लिखने के लिए कृपया यूनीकोड फोंटों का प्रयोग करें, अन्यथा हो सकता है कि आपकी रचना ब्लॉग पर प्रदर्शित न हो पाए।
-भूपेन्द्र कुमार
द्वारा, नराकास (उपक्रम), दिल्ली